भारतीय नागरिक से शादी करने पर विदेशी नागरिक को नहीं मिलता भारत में रहने का ऑटोमैटिक अधिकार: दिल्ली हाई कोर्ट

दिल्ली हाई कोर्ट ने साफ किया है कि भारतीय नागरिक से शादी करने मात्र से किसी विदेशी को भारत में रहने का ऑटोमैटिक अधिकार नहीं मिलता।

Kittu Kumari20 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
भारतीय नागरिक से शादी करने पर विदेशी नागरिक को नहीं मिलता भारत में रहने का ऑटोमैटिक अधिकार: दिल्ली हाई कोर्ट

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी विदेशी नागरिक द्वारा भारतीय नागरिक से विवाह करने मात्र से उसे भारत में रहने का कोई स्थायी या स्वतः अधिकार (Automatic Right) नहीं मिल जाता। अदालत ने कहा कि किसी विदेशी नागरिक को देश में प्रवेश देना या उसे यहां रहने की अनुमति देना पूरी तरह से सरकार के संप्रभु विवेक (Sovereign Discretion) का मामला है।

यह मामला तब सामने आया जब अमेरिका की एक नागरिक ने याचिका दायर कर अपने ई-टूरिस्ट वीजा को स्प्राउस वीजा (X-1 वीजा) में बदलने की मांग की। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि चूंकि उसने एक भारतीय नागरिक से शादी की है, इसलिए उसे वीजा बदलने का अधिकार मिलना चाहिए। हालांकि, जस्टिस अमित महाजन ने इस याचिका को खारिज करते हुए अधिकारियों के तर्कों को सही माना।

शादी को 'सुविधा की शादी' (Marriage of Convenience) माना

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अदालत ने पाया कि प्रवासन अधिकारियों (Immigration Authorities) का संदेह सही था कि यह शादी केवल वीजा और कानूनी लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से की गई हो सकती है। कोर्ट के सामने आए तथ्यों में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं:

  • याचिकाकर्ता ने इससे पहले भी एक ओसीआई (OCI) कार्डधारक से शादी की थी, जिसके आधार पर उसे ओसीआई स्टेटस मिला था, लेकिन जुलाई 2021 में वह शादी टूट गई और नवंबर 2023 में उसका ओसीआई स्टेटस रद्द कर दिया गया।
  • दिसंबर 2022 में उसने दूसरी शादी की, लेकिन दस्तावेजों में कमी के कारण उसे वीजा लाभ नहीं मिल सके और वह शादी भी नवंबर 2025 में खत्म हो गई।
  • अब यह उसकी तीसरी शादी थी। जांच में यह भी पाया गया कि वह अपने वर्तमान पति के घर में शादी से पहले भी किराएदार के रूप में रह रही थी।
  • इतना ही नहीं, वर्तमान पति उस समय भी याचिकाकर्ता के साथ था जब वह अपनी पिछली शादी के आधार पर इमिग्रेशन लाभ लेने की कोशिश कर रही थी।

इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने माना कि यह शादी केवल कागजी या वित्तीय समझौते के तहत हो सकती है ताकि विदेशी नागरिक भारत में रह सके।

कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि संविधान के तहत विदेशियों को केवल अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता) के तहत अधिकार मिलते हैं, लेकिन अनुच्छेद 19(1)(e) के तहत भारत में बसने का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों के पास है। अंततः, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वीजा देना, बदलना या बढ़ाना पूरी तरह से सक्षम अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आता है।

Share:

Comments

Leave a comment