नई दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 91वां संस्करण आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 1,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और इसका विशेष विषय ए राइड फॉर द स्टोरीज दैट मैटर पत्रकारों को समर्पित था। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के लिए काम करने वाले पत्रकारों के योगदान को सराहना और उन्हें फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करना था। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अनुसार, इस कार्यक्रम के माध्यम से मीडिया द्वारा फिट इंडिया आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाने में निभाई गई भूमिका को भी सराहा गया। सुबह 5:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में योग, जुम्बा और रस्सी कूदने जैसी विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मीडिया घरानों के पत्रकारों के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर परविंदर अवाना और फिट इंडिया के आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर शिवम गहलोत जैसे विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने
नशा मुक्ति की शपथ ली और एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद इंडिया गेट के आस-पास 5 किलोमीटर लंबी साइकिल राइड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्रालय, साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI), राहगीरी फाउंडेशन और माई भारत के सहयोग से आयोजित इस अभियान में देश भर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ क्षेत्रीय केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों के लोग भी शामिल हुए।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर परविंदर अवाना ने कहा कि फिट इंडिया अभियान का यह 91वां संस्करण युवाओं में फिटनेस को दैनिक आदत बनाने की दिशा में एक और कदम है। उन्होंने एशियाई खेल 2026 में क्रिकेट शामिल होने पर भारतीय एथलीटों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारतीय टीम देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास करेगी। वहीं, फिट इंडिया एंबेसडर शिवम गहलोत ने युवाओं और जेन जी से स्टेरॉयड और अनावश्यक सप्लीमेंट्स से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिटनेस के लिए समय और निरंतरता जरूरी है तथा संतुलित घर का बना भोजन ही सबसे उत्तम है। कार्यक्रम स्थल पर कैरम, शतरंज, बैडमिंटन और टग ऑफ वार जैसे खेलों के लिए एक समर्पित गेम ज़ोन भी बनाया गया था।