दिल्ली: दुबई बेस्ड कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
दिल्ली के लोक विहार में दुबई बेस्ड कारोबारी साहिल जैन के घर पर हमला। लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग का शक।

देश की राजधानी दिल्ली के लोक विहार इलाके में बुधवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दुबई बेस्ड कारोबारी साहिल जैन, जिन्हें 'गूगल' के नाम से भी जाना जाता है, के आवास के बाहर दो अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। सुबह करीब 5 बजे हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोलियां पास के एक घर और खड़ी गाड़ी पर जा गिरीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद हुए हैं। हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने देखते ही देखते छह राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
बिश्नोई और गोदारा गैंग का कनेक्शन?
इस हमले के पीछे किसी बड़े गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। नॉर्थवेस्ट की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों के आने और जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के कनेक्शन की जांच कर रही है। संदेह है कि यह हमला किसी जबरन वसूली (extortion) की कोशिश हो सकता है।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि साहिल जैन को साल 2021 में लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से धमकियां मिली थीं, जिसके बाद 2023 में स्पेशल सेल में एक मामला भी दर्ज हुआ था। हालांकि, इस ताजा हमले से पहले उन्हें कोई नई धमकी नहीं मिली थी।
वहीं, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हो रही है। इस रिकॉर्डिंग में एक व्यक्ति खुद को राहुल फतेहपुर बता रहा है और गिली राणा व रोहित गोदारा समूह से अपना संबंध जोड़ रहा है। ऑडियो में इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया गया है कि यह फायरिंग साहिल जैन के लिए एक चेतावनी थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने अभी तक इस ऑडियो की सत्यता या बोलने वाले की पहचान की पुष्टि नहीं की है।