सदर बाजार में प्लास्टिक फूलों के गोदाम में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे लोग
दिल्ली के सदर बाजार स्थित एक गोदाम में भीषण आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, कोई हताहत नहीं।

देश की राजधानी दिल्ली के व्यस्ततम बाजारों में शुमार सदर बाजार में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक गोदाम में भीषण आग लग गई। यह हादसा टूटी चौक के पास स्थित एक इमारत में हुआ, जहां प्लास्टिक के फूलों और सजावटी सामानों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई और सभी सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक, यह आग इमारत की तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी। प्लास्टिक का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैली, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को सुबह 11:41 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद विभाग तुरंत एक्शन मोड में आया।
फायर टेंडर्स ने आधे घंटे में पाया काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस ने बिना देरी किए मौके पर पांच फायर टेंडर्स भेजे। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 12:20 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि समय रहते कार्रवाई होने की वजह से आग को फैलने से रोक लिया गया और किसी के घायल होने या जान गंवाने की खबर नहीं है।