नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की दाल मिल में लगी भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया के जे-ब्लॉक में स्थित एक दाल मिल (Pulses Mill) में भीषण आग लग गई। रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11:10 बजे दिल्ली फायर सर्विस को इस हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते इसने फैक्ट्री की तीन मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में दालें और अन्य स्टोरेज सामग्री मौजूद थी, जिसकी वजह से लपटें और ज्यादा भड़क उठीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी। शुरुआत में मौके पर चार से पांच दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में कुल नौ से दस गाड़ियों को तैनात करना पड़ा।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर मिला काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। दिल्ली फायर सर्विस के असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर पारस कुमार ने पुष्टि की है कि आग बुझा दी गई है और अब कूलिंग का काम चल रहा है ताकि दोबारा चिंगारी न भड़के।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की खबर नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और दमकल कर्मियों की मदद की। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आग लगने का असली कारण क्या था। फैक्ट्री को हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है।