नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की दाल मिल में लगी भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू

देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यहाँ स्थित एक दाल मिल (Pulses Mill) की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर पारस कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11 बजकर 10 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती कार्रवाई के तौर पर तुरंत चार से पांच फायर टेंडर्स को मौके पर भेजा गया। लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बचाव कार्य को बढ़ाया गया और जल्द ही वहां नौ से दस फायर टेंडर्स की तैनाती कर दी गई।
कूलिंग ऑपरेशन जारी, बड़ा हादसा टला
अधिकारियों के मुताबिक, दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए आग को फैलने से रोका और अब आग पूरी तरह बुझ चुकी है। वर्तमान में वहां कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि दोबारा आग भड़कने की कोई संभावना न रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
गौरतलब है कि दिल्ली में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले शुक्रवार को कालकाजी की एक मुख्य सड़क पर स्थित एक इमारत की दूसरी मंजिल के ऑफिसों में भी आग लग गई थी। उस घटना में भी फायर ब्रिगेड ने समय रहते पहुंचकर स्थिति को संभाला था और कोई जनहानि नहीं हुई थी।