दिल्ली यूनिवर्सिटी नॉर्थ कैंपस: DUSU ऑफिस में लगी भीषण आग, दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मंगलवार रात दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) के ऑफिस में अचानक आग लग गई। यह हादसा लॉ सेंटर-I में स्थित ऑफिस में हुआ, जिससे कैंपस में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि समय रहते सूचना मिल गई और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, आग लगने की घटना रात करीब 11:53 बजे की है। जैसे ही आग की खबर मिली, तुरंत दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने मौके पर तुरंत पांच पानी के टैंकर भेजे। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे फैलने से रोका।
ऑफिस के फर्नीचर को पहुंचा नुकसान
आग की वजह से ऑफिस के अंदर काफी नुकसान हुआ है। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, आग की चपेट में आने से ऑफिस में रखा एक सोफा और फर्नीचर के कई अन्य सामान जलकर राख हो गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही किसी जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ।