भाई दूज और छठ पूजा पर राहत: नमो भारत की अतिरिक्त ट्रिप्स और रेलवे की स्पेशल ट्रेनें शुरू

भाई दूज और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए भारतीय रेलवे और NCRTC ने स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त नमो भारत ट्रिप्स शुरू की हैं।

Kittu Kumari10 November 20262 min read0 viewsNCR
भाई दूज और छठ पूजा पर राहत: नमो भारत की अतिरिक्त ट्रिप्स और रेलवे की स्पेशल ट्रेनें शुरू

त्योहारों के सीजन में घर जाने वालों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने बड़ा कदम उठाया है। भाई दूज और छठ पूजा के मौके पर यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों और नमो भारत की स्पेशल सेवाओं का ऐलान किया गया है, ताकि स्टेशनों और सड़कों पर होने वाली अफरा-तफरी को कम किया जा सके।

सबसे पहले बात करें नमो भारत की, तो दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर 32 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाने का फैसला लिया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि प्रदूषण नियंत्रण उपायों के कारण पहले से ही 20 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जा रही हैं। अब इन नई सेवाओं के जुड़ने से ट्रेनों के बीच का समय घटकर करीब 7 से 8 मिनट रह जाएगा, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।

छठ पूजा के लिए नई दिल्ली से पटना तक स्पेशल ट्रेनें

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

वहीं, छठ पूजा के दौरान बिहार जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और पटना के बीच कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। इसमें प्रीमियम वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें (ट्रेन नंबर 02258/02257 और 02436/02435) शामिल हैं। ये ट्रेनें 11 और 13 नवंबर को नई दिल्ली से पटना के लिए और 12 व 14 नवंबर को पटना से नई दिल्ली के लिए चलेंगी। इन ट्रेनों का ठहराव अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

इसके अलावा, रेलवे ने एक रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 04060/04059) भी चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 11 नवंबर को नई दिल्ली से पटना के लिए रवाना होगी और 12 नवंबर को वापसी करेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी और स्लीपर कोच लगाए गए हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सीट की उपलब्धता और ट्रेनों के सही समय की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए जरूर चेक कर लें।

Share:

Comments

Leave a comment