फरीदाबाद: शादी का दबाव बनाने पर युवती की हत्या, आगरा कैनाल में फेंका शव, आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari26 August 20262 min read171 viewsNCR
फरीदाबाद: शादी का दबाव बनाने पर युवती की हत्या, आगरा कैनाल में फेंका शव, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में शादी का दबाव बनाने पर एक 20 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अभी तक मृतका का शव बरामद नहीं हुआ है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। संजय कॉलोनी की एक महिला ने थाना मुजेसर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 20 वर्षीय बेटी निशा एक अगस्त को ऑफिस के काम से कोलकाता जाने की कहकर निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। मां ने हरिओम नामक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया था जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी हरिओम को गिरफ्तार कर लिया।

पूरा मामला और आरोपी की गिरफ्तारी

जांच में सामने आया कि आरोपी हरिओम की निशा से साल 2022 में जान-पहचान हुई थी जिसके बाद आरोपी ने निशा की शादी अपने भाई से करवा दी थी। शादी के बाद आपसी अनबन के चलते निशा अपने मायके वापस आ गई थी। इसके बाद आरोपी हरिओम ने निशा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था जिसके मामले में मथुरा के वृंदावन में केस दर्ज हुआ था और आरोपी को जेल भेजा गया था। आरोपी जनवरी 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

हत्या की सनसनीखेज वारदात

जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और निशा आरोपी पर लगातार शादी करने का दबाव बनाने लगी। एक अगस्त को आरोपी निशा को अपने साथ हरिद्वार ले गया और चार अगस्त को फरीदाबाद वापस आया। उसी रात आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर डीग पुल के पास निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को आगरा कैनाल नहर में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं और आरोपी के साथी की भूमिका तथा शव की तलाश के लिए गहनता से जांच कर रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment