फरीदाबाद को ढाई सौ करोड़ की परियोजना से मिलेगा यमुना का स्वच्छ पेयजल

केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद में वार्ड नंबर 6 और वार्ड नंबर 11 में करीब 43 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनआईटी विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे। इन विकास कार्यों में बारात घर का निर्माण, सड़क निर्माण, आरसीसी नालों का निर्माण, सीवर लाइन बिछाने और इंटरलॉकिंग टाइल लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से फरीदाबाद में बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी में सुधार
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को केंद्र और प्रदेश सरकार ने मजबूत बनाने का काम किया है। पहले फरीदाबाद की पहचान मुख्य रूप से एक राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी थी, लेकिन आज शहर चारों दिशाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों और बेहतर सड़क नेटवर्क से जुड़ चुका है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रेलवे फाटकों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं।
पेयजल समस्या का स्थायी समाधान
एनआईटी क्षेत्र के लोगों की स्वच्छ पेयजल से जुड़ी समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से यमुना नदी से सीधे एनआईटी क्षेत्र तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2027 तक इस पेयजल व्यवस्था को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
भूमिगत बिजली व्यवस्था और विकास कार्य
सरकार की ओर से शहर में बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। भूमिगत बिजली व्यवस्था होने से आंधी, बारिश और तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।