फरीदाबाद: पति के दुर्व्यवहार से तंग महिला ने तीन बच्चों संग निगली जहर की दवा
फरीदाबाद में नेवी कर्मी पति के दुर्व्यवहार से परेशान महिला ने तीन बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा पी ली। सभी की हालत गंभीर है।

हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से टूटकर एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ आत्मघाती कदम उठा लिया। रविवार को पल्ला क्षेत्र के सूर्या विहार फेस-2 में इस घटना ने पूरे इलाके को चौंका दिया। महिला ने अपने बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा पी ली, जिसके बाद चारों की हालत बिगड़ गई।
इस दर्दनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला की बड़ी बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में महिला व तीनों बच्चों को बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चारों को दिल्ली रेफर कर दिया है।
नेवी में तैनात पिता पर लगे गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार की 17 वर्षीय बेटी सृष्टि ने अपने पिता पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सृष्टि के मुताबिक, उसके पिता सुनील भारतीय नौसेना (नेवी) में तैनात हैं और उनकी पोस्टिंग दिल्ली में है। आरोप है कि सुनील जब भी घर आते हैं, मां और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं और मां के चरित्र पर सवाल उठाते हैं। रविवार सुबह भी विवाद तब बढ़ा जब पिता ने बेटी का मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
बेटी ने बताया कि पिता के इस बर्ताव और लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर उसकी मां ने दोपहर में चूहे मारने की दवा पी ली और वही दवा अपने तीनों बच्चों को भी पिला दी। परिवार में मां माला एक प्राइवेट कंपनी की मार्केटिंग विंग में काम करती हैं, जबकि बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल पल्ला थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों की शिकायत मिलते ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।