फरीदाबाद: घर में चल रही थी शादी की तैयारी, सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। सोहना रोड पर सरूरपुर चौक के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक योगेश शर्मा की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब योगेश अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। परिवार में खुशी का माहौल था और दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, योगेश अपनी बाइक से घर जा रहा था, तभी सरूरपुर चौक के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्भाग्यवश, पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि योगेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पर्वतिया कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल भेज दिया है।
मृतक योगेश बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी का निवासी था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घर में उसकी शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब फरार ट्रक ड्राइवर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी है।