बुधवार, 23 सितंबर 2026 को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-पलवल ईएमयू एक घंटा 54 मिनट की देरी से चली जबकि झेलम एक्सप्रेस दो घंटे सात मिनट की सबसे लंबी देरी से प्रभावित हुई। अन्य प्रभावित सेवाओं में मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस एक घंटा 44 मिनट, सचखंड एक्सप्रेस एक घंटा 16 मिनट और शकूरबस्ती-मथुरा ईएमयू 33 मिनट की देरी से चली।
उत्तर रेलवे द्वारा फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर जारी पुनर्विकास कार्य के लिए 45 दिन का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक अधिकृत किया गया है।
यह परियोजना 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक है जिससे रेल यातायात पर असर पड़ा है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस ब्लॉक के कारण ट्रेनें रद्द हुई हैं, प्लेटफार्म बदले गए हैं और निर्धारित ठहराव स्थगित किए गए हैं। आरपीएफ फरीदाबाद पोस्ट के प्रभारी श्रवण कुमार ने भी इन परिचालन बदलावों की पुष्टि की है।
इस अवधि के दौरान कुल नौ ट्रेनें रद्द की गई हैं जिनमें 64908, 64071, 64052, 64015, 64078, 64057, 64012, 64013 और 64076 शामिल हैं।
इसके अलावा 43 ट्रेनों के प्लेटफार्म दो और तीन से बदलकर प्लेटफार्म एक और चार कर दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और लाइव स्थिति की जांच कर लें।
यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जा सकते हैं या 139 पर संपर्क कर सकते हैं।