फरीदाबाद के शिव मंदिर में चौथी बार चोरी, चोर पांच दानपात्र तोड़कर हजारों रुपये ले उड़े

Kittu Kumari13 September 20261 min read11 viewsNCR
फरीदाबाद के शिव मंदिर में चौथी बार चोरी, चोर पांच दानपात्र तोड़कर हजारों रुपये ले उड़े

फरीदाबाद के सेक्टर-10 स्थित टीसीसी शिव मंदिर में चोरों ने एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रात के अंधेरे में मंदिर में घुसे चोर पांच दानपात्र तोड़कर उनमें रखी करीब 50 से 60 हजार रुपये की दान राशि लेकर फरार हो गए। मंदिर कमेटी के अनुसार मंदिर में चोरी की यह चौथी बार घटना हुई है, जिससे कमेटी के सदस्यों में भारी नाराजगी है।

चोरी की यह घटना शनिवार रात करीब 12 बजे से सुबह चार बजे के बीच हुई। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब मंदिर के पुजारी राधिका प्रसाद मिश्रा पहुंचे, तो उन्हें पांचों दानपात्र टूटे हुए मिले और दान राशि गायब थी। इसके बाद तुरंत मंदिर कमेटी को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि चोर मंदिर के पीछे बने गेट के ऊपर एग्जॉस्ट फैन के रास्ते की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे।

मंदिर कमेटी के अनुसार इससे पहले जुलाई महीने में भी मंदिर में चोरी हुई थी। कमेटी का कहना है कि बार-बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में रोष है और मंदिर से भगवान के वस्त्र व अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं भी पहले सामने आ चुकी हैं। राम रूप आर्य ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने इस मामले को क्राइम ब्रांच को भी सौंपा है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर सिंह के मुताबिक पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मंदिर कमेटी ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ मंदिर के आसपास रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment