फरीदाबाद: शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 1 करोड़ की ठगी, यूपी का खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश के फतेहपुर का रहने वाला आयुष है, जिसने ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
पूरी घटना तब शुरू हुई जब सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को एसबीआई सिक्योरिटी का कर्मचारी बताया और उसे एक लिंक भेजकर एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया। इसके बाद पीड़ित को एक व्हाट्सएप ग्रुप 'जे 5-एसबीआई सिक्योरिटी ग्रुप' में जोड़ा गया, जहां उसे शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
ठगों की बातों में आकर पीड़ित ने सितंबर से नवंबर के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब काफी समय बीत गया और न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बैंक खाता किराए पर देने का खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी आयुष, जो पेशे से ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता है, ने टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की कुल रकम में से 15 लाख रुपये आयुष के खाते में आए थे।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी की रकम का आगे क्या लेन-देन हुआ और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।