फरीदाबाद के बाटा फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक कार से नीचे उतरकर बाथरूम करने गया था, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में 19 सितंबर को यह हादसा हुआ। सिंह गेट बल्लभगढ़ निवासी 23 वर्षीय साहिल अपने तीन दोस्तों के साथ शुक्रवार रात्रि कार से खाना लेने गया था। खाना लेकर लौटते समय बाटा फ्लाईओवर के पास साहिल ने कार रुकवाई और बाथरूम करने के लिए नीचे उतरा।
तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद साहिल के दोस्त उसे तुरंत बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया। जब दोस्त उसे लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक साहिल अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी पवन ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसे में शामिल पिकअप को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।