फरीदाबाद के प्रहलादपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

फरीदाबाद के प्रहलादपुर गांव में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में अचानक आग लग गई। इस घटना में घर में रखा लाखों का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खराब हो गया। गनीमत यह रही कि आग लगने के समय घर के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत मकान मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
मकान मालिक शौकीन अली ने बताया कि वह और उनकी पत्नी सुबह काम पर गए थे, जबकि उनके बच्चे स्कूल गए हुए थे। सुबह करीब 10 बजे फोन पर उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद वह तुरंत बाइक से घर पहुंचे। शौकीन अली के अनुसार, घर के बिजली मीटर के पास शॉर्ट सर्किट हुआ था जिससे आग तेजी से पूरे घर में फैल गई। आग की चपेट में आने से फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, टीवी, कपड़े, बेड और अलमारी सहित अधिकांश घरेलू सामान जल गया। आग की भयंकर गर्मी के कारण घर की ऊपरी छत में भी दरारें आ गईं हैं।
मकान मालिक के अनुसार इस हादसे में करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप मोर ने बताया कि सुबह प्रहलादपुर गांव में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया जा रहा है और हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।