फरीदाबाद में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव, तीन आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari22 August 20262 min read59 viewsNCR
फरीदाबाद में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव, तीन आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच और पथराव करने का मामला सामने आया है। इस घटना में सरकारी कार्य में बाधा डाली गई और पुलिसकर्मियों को चोट पहुंचाई गई। थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोकेश, निखिल और पवन कुमार के रूप में हुई है, जो सभी रामनगर, फरीदाबाद के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह पूरी घटना फरीदाबाद के टाउन नंबर-1 मार्केट की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपीओ राजकुमार थाना कोतवाली में ईआरवी राइडर ड्यूटी पर तैनात हैं। 20 और 21 अगस्त की दरमियानी रात्रि वे अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान मेन मार्केट टाउन नंबर-1 में दिल्ली जूस कॉर्नर के पास 3-4 युवक आपस में झगड़ा करते हुए दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने युवकों को समझाइश दी और रात का समय होने के कारण आपस में झगड़ा न करने तथा अपने-अपने घर जाने के लिए कहा। लेकिन आरोपियों ने पुलिस की बात मानने के बजाय उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।

आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पड़े पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस पथराव के दौरान एसपीओ राजकुमार के सिर में गंभीर चोट आई। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर आपस में बहस कर रहे थे। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें घर जाने के लिए कहा, तो वे आवेश में आ गए और पत्थर फेंकने लगे। थाना कोतवाली पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment