फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उत्तर प्रदेश से 15 किलो गांजा बरामद और एक गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के कासगंज में दबिश देकर 15 किलो 804 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कासगंज, उत्तर प्रदेश निवासी दीपक को काबू किया है। आरोपी के खिलाफ थाना ढोलना, कासगंज में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया है। यह कार्रवाई 19 अगस्त को थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में 12.980 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले की जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर की गई है। पूछताछ के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई थी।
पहले की गई गिरफ्तारियों का पूरा मामला
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 19 अगस्त को अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली-मथुरा रोड स्थित लक्कड़पुर फाटक के पास से शिवम निवासी एटा, उत्तर प्रदेश को 12.980 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ के दौरान शिवम ने पुलिस टीम को बताया था कि वह उक्त गांजा अपने भाई अमन निवासी एटा, उत्तर प्रदेश से लेकर आया था और इसे दिल्ली में बेचने की तैयारी में था। शिवम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर की टीम ने अमन को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
आरोपी अमन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
अमन ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह गांजा किसी व्यक्ति से खरीदकर लाया था। उसने कुछ गांजा अपने भाई शिवम को दे दिया था, जबकि कुछ गांजा उसके दोस्त दीपक निवासी कासगंज, उत्तर प्रदेश के पास रखा हुआ था। अमन से मिली इस महत्वपूर्ण जानकारी के बाद पुलिस टीम ने कासगंज में दबिश दी और दीपक को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी अमन को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमन का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास व एनडीपीएस सहित कुल 16 मामले दर्ज हैं।