फरीदाबाद में पुलिस और एनसीबी ने पकड़ी 15 करोड़ की कोकीन, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार

Kittu Kumari16 September 20261 min read13 viewsNCR
फरीदाबाद में पुलिस और एनसीबी ने पकड़ी 15 करोड़ की कोकीन, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस और एनसीबी दिल्ली की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़पुर में एक मकान पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान करीब 15 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान में 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन और 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ शामिल है। इसके अलावा कार्रवाई में 50 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक अपराध अमन यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी को थाना सूरजकुंड क्षेत्र के लक्कड़पुर में विदेशी नागरिकों के पास मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर निरीक्षक अनिल छिल्लर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच एनआईटी और एनसीबी दिल्ली की टीम ने 15/16 सितंबर की रात शिव दुर्गा बिहार स्थित मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर छापा मारा। एनसीबी दिल्ली की टीम से कराई गई जांच में बरामद पदार्थों में कोकीन और एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने मौके से ईफायानी इम्युनुल, बेल जोन उर्फ अन्नूदून्न इम्युनुल निवासी नाइजीरिया और रैमी उर्फ ओमस ओवी निवासी कैमरून को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मकान में किराये पर रह रहे थे। मामले में थाना सूरजकुंड में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मकान में अफ्रीकी देशों के 10 अन्य लोग भी किराये पर रह रहे थे जिनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment