फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़: मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों को लगी गोली

Kittu Kumari16 September 20262 min read6 viewsNCR
फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़: मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों को लगी गोली

फरीदाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार सुबह एक बड़ी मुठभेड़ हो गई। क्राइम ब्रांच की टीम और अपराधियों के बीच हुई इस आमने-सामने की फायरिंग में दो बदमाशों को गोलियां लगी हैं। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए बीके हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जिन्हें चोट आई हैं, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान सोनू और राहुल के रूप में हुई है। ये दोनों बदमाश दिल्ली के रहने वाले बताए गए हैं और इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मौके से हथियार बरामद कर मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस कार्रवाई और बरामदगी

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद में चोरी की वारदातों में वांछित दो आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर 85 व सेंट्रल की टीम ने आगरा कैनल रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर करीब 5-6 राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने दोनों को काबू कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचाया। मौके से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 2 कारतूस बरामद हुए हैं।

आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और सोनू के खिलाफ दिल्ली में लूट एवं घरों में चोरी सहित करीब 26 मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरी ओर राहुल के खिलाफ करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। ये दोनों आरोपी फरीदाबाद के थाना ओल्ड फरीदाबाद तथा थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में भी वांछित हैं। अपराध शाखा की टीम ने उनके एक साथी शिवम मोहन नगर, उत्तम नगर, दिल्ली को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया था, जिसकी पूछताछ में आरोपितों द्वारा वारदात करने का खुलासा हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है जिनकी स्थिति सामान्य है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment