फरीदाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, दो दिनों में 136 आरोपी गिरफ्तार और अवैध सामान बरामद

फरीदाबाद में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा 22 व 23 अगस्त को दो दिन का विशेष वीकेंड अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिलेभर में अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब तस्करों, जुआ तथा उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को जानकारी दी कि अभियान के दौरान पुलिस के विभिन्न थानों की अपराध शाखा व स्पेशल टीमों ने 136 आरोपितों को काबू किया। इसके साथ ही 38 उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत पर फरार आरोपितों पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने 28 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त की, जिससे परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस की टीमों द्वारा 86 बोतल अवैध शराब व चार लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, वहीं 520 ग्राम गांजा और दो देसी कट्टे बरामद किए गए।
जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन लाख 23 हजार 840 की नकदी बरामद की। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराधियों पर कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा लगातार वीकेंड कार्यक्रम चलाकर कार्रवाई की जा रही है और यह कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी। अपराध, नशा, अवैध हथियार, अवैध शराब और जुए जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।