फरीदाबाद में पिटबुल कुत्ते का खौफ: सातवीं के छात्र पर हमला कर शरीर पर 16 जगह काटा, पुलिस जांच शुरू

फरीदाबाद के एन.एच.-3 इलाके में एक खतरनाक पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र पर अचानक हमला कर दिया। पिटबुल ने बच्चे के हाथ और पैर समेत शरीर पर कुल 16 जगहों पर काटा है। इस भयानक हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। एन.एच.-3 में पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया।
घायल बच्चे के पिता जितेंद्र एन.एच.-3 नंबर के ब्लॉक-बी में रहते हैं और बीके चौक पर बिरयानी की रेहड़ी लगाते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम उनका सातवीं कक्षा में पढने वाला बेटा ग्रन्थ साइकिल लेकर गली में गया था। घर से कुछ दूरी पर वह एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बात कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पिटबुल कुत्ता घर से बाहर निकला और ग्रन्थ पर हमला कर दिया।
पिता का आरोप है कि कुत्ता लगातार उनके बेटे को काटता रहा और कुत्ते के मालिक ने उसे बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। लोगों की भारी भीड़ जुटने के बाद किसी तरह कुत्ते को बच्चे से अलग किया गया। हमले के बाद घायल बेटे को तुरंत बीके अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
अस्पताल से रेफर होने के बाद परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए और फिलहाल बच्चे का इलाज घर पर ही चल रहा है। इस पूरी घटना की शिकायत एनआईटी-3 नंबर चौकी में दी गई है। चौकी इंचार्ज मनोज के अनुसार मिली हुई शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।