फरीदाबाद: पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर 1 करोड़ की लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari10 October 20262 min read0 viewsNCR
फरीदाबाद: पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर 1 करोड़ की लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद की क्राइम ब्रांच (सेक्टर-30) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए उस गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने पिस्टल की नोक पर एक व्यक्ति को बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की डकैती की थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को दबोचा है, जिनकी पहचान साहुन खान, हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन, मोहम्मद आरिफ और मोसीब आलम के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

पूरी वारदात की साजिश बेहद शातिर तरीके से रची गई थी। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार ने बताया कि इस लूट की मुख्य कड़ी साहुन खान था। साहुन को यह जानकारी थी कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची है और उस बिक्री से मिली मोटी रकम उसके घर पर रखी हुई है। इस जानकारी के बाद साहुन ने अपने एक जानकार लियाकत से संपर्क किया, जो पहले भी डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहा था। लियाकत ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक टीम तैयार की।

घर की रेकी कर बनाया प्लान, फिर रात के अंधेरे में घुसे

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

वारदात को अंजाम देने के लिए साहुन ने पहले दो लोगों के जरिए अब्दुल कदीम के घर की रेकी करवाई, ताकि घर के आने-जाने के रास्तों और सुरक्षा की पूरी जानकारी मिल सके। इसके बाद 25-26 सितंबर की रात करीब 2 बजे सात आरोपी एक अर्टिगा गाड़ी में सवार होकर फतेहपुर तगा पहुंचे। इनमें से पांच लोग घर के अंदर घुसे, जबकि दो लोग गाड़ी के पास निगरानी के लिए खड़े रहे।

पीड़ित अब्दुल कदीम के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में अपने पुराने मकान से नए मकान में शिफ्टिंग की थी। रात के सन्नाटे में चेहरे ढके हुए हमलावर घर में घुसे और एक आरोपी ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। लुटेरों ने अब्दुल कदीम के हाथ, पैर और मुंह को बांधकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद लोहे की रॉड से कमरे और संदूक के ताले तोड़कर लुटेरे 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना धौज में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को इन आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment