फरीदाबाद: मोबाइल टावर लगाने पर भारी हंगामा, विरोध के आगे झुकी कंपनी

Kittu Kumari11 October 20261 min read0 viewsNCR
फरीदाबाद: मोबाइल टावर लगाने पर भारी हंगामा, विरोध के आगे झुकी कंपनी

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में रविवार को उस वक्त तनाव फैल गया, जब एक मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने की कोशिश की गई। हरि विहार की गली नंबर-17 में जैसे ही टावर लगाने का सामान पहुंचा, स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और काम रोकने के लिए जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात इस कदर बिगड़ गए कि कंपनी के कर्मचारियों को अपना सारा सामान वापस गाड़ी में लादकर वहां से खिसकना पड़ा।

स्थानीय निवासी जगदीश, हरिचंद बघेल और रेखा ने बताया कि वे पिछले करीब एक हफ्ते से इस टावर का विरोध कर रहे हैं। रविवार सुबह जब उन्होंने देखा कि टावर लगाने की सामग्री पहुंच चुकी है, तो पूरा मोहल्ला एकजुट हो गया। लोगों का मानना है कि मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन के कारण कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं, इसलिए वे अपने रिहाइशी इलाके में इसे किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं करेंगे।

मकान मालिक ने कंपनी को किया मना

हंगामे के बीच जब मकान मालिक शहंशाह से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी को टावर लगाने से मना कर दिया गया है और इसी वजह से सामान वापस भेजा जा रहा है। इस शोर-शराबे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

गौरतलब है कि मोबाइल टावर से रेडियोफ्रीक्वेंसी के रूप में विद्युत चुंबकीय ऊर्जा निकलती है, जिसे गैर-आयनीकरण विकिरण कहा जाता है। हालांकि यह एक्स-रे जैसा खतरनाक नहीं होता, लेकिन बहुत अधिक तीव्रता होने पर यह शरीर के ऊतकों को गर्म कर सकता है, यही वजह है कि लोग इसे लेकर काफी आशंकित रहते हैं।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment