फरीदाबाद: बाजार में युवक को नकाबपोश बदमाशों ने बेरहमी से पीटा, तोड़ीं दोनों टांगें

फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने बीच बाजार एक युवक को घेरकर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की। नकाबपोश बदमाशों के एक झुंड ने 22 वर्षीय सागर पर लाठी-डंडों और सरियों से ऐसा हमला किया कि उसकी दोनों टांगें टूट गईं। इस खौफनाक मंजर को वहां मौजूद लोगों ने देखा, लेकिन डर के मारे कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
घटना मंगलवार रात की है जब सागर अपने एक दोस्त के साथ दुकान से दूध लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह डबुआ-गाजीपुर इलाके में मस्जिद के पास पहुंचा, अचानक दर्जनभर नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि सागर का दोस्त अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग निकला। बदमाशों ने सागर को सड़क पर गिराया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावर उसे पैर पकड़कर सड़क पर काफी दूर तक घसीटते रहे।
पुरानी रंजिश और सीसीटीवी फुटेज से जांच
इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ देखी जा सकती है। बदमाशों के जाने के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने बेसुध सागर को अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती सुरागों से पता चला है कि कुछ दिन पहले सागर के दोस्त का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था और सागर भी उस समय वहां मौजूद था। पुलिस इसी पुराने विवाद को हमले की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस की एक टीम सागर के बयान दर्ज कराने के लिए दिल्ली गई है, हालांकि परिजनों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।