फरीदाबाद: निवेश के नाम पर 2.44 करोड़ की ठगी, दिल्ली से तीन आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक गिरोह पर फरीदाबाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने इस मामले में तीन और आरोपियों को दबोचा है, जो दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने अब तक इस पूरे नेटवर्क से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय हर्ष, 30 वर्षीय राहुल और 20 वर्षीय सर्वेश के रूप में हुई है। सोमवार को इन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां राहुल और सर्वेश को जेल भेज दिया गया, जबकि हर्ष को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गूगल विज्ञापन और ज़ूम मीटिंग के जरिए बिछाया जाल
यह पूरी ठगी एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई। सेक्टर-21, फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गूगल पर 'ओरा डॉट कॉम' से संबंधित ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का एक विज्ञापन देखा था। जैसे ही उन्होंने उस विज्ञापन पर क्लिक किया, उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को उस प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताया और निवेश के जरिए भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
पीड़ित को पूरी तरह भरोसे में लेने के लिए ठगों ने उनके साथ ज़ूम मीटिंग भी की और निवेश की बारीकियां समझाईं। इतना ही नहीं, निवेश की प्रक्रिया को असली दिखाने के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया गया। ठगों की बातों में आकर पीड़ित ने 18 मई से 8 जुलाई के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए। जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तब उन्होंने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी हर्ष एक खाताधारक था, जिसने अपना बैंक अकाउंट राहुल को दे दिया था। वहीं, सर्वेश ने आरोपी भीम का खाता आगे ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान पता चला कि हर्ष के खाते में ठगी की रकम में से 2 लाख 50 हजार रुपये आए थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पैसों के लेन-देन के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।