फरीदाबाद में चार अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, 18 बाउंड्री वॉल और कई निर्माण ध्वस्त

फरीदाबाद में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। फरीदाबाद के बासेलवा और कनवारा गांव के रेवेन्यू क्षेत्र में विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर मंगलवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की। विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन कॉलोनियों में किए गए अवैध निर्माण और विकसित किए गए सडक़ नेटवर्क को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान विभाग ने प्लॉटिंग करने वालों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी।
विभाग के अनुसार बासेलवा गांव के रेवेन्यू क्षेत्र में करीब 4 एकड़, 3 एकड़ और 3 एकड़ क्षेत्र में तीन अलग-अलग अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। वहीं कनवारा गांव में करीब 2 एकड़ क्षेत्र में एक अनधिकृत कॉलोनी विकसित की जा रही थी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन चारों कॉलोनियों में कार्रवाई की। तोडफ़ोड़ अभियान के दौरान 20 डीपीसी, 18 बाउंड्री वॉल और 6 स्ट्रक्चर ध्वस्त किए गए। इसके अलावा दो निर्माणाधीन वर्कशॉप को भी गिराया गया। कॉलोनियों में प्लॉट काटने के लिए तैयार किया गया सडक़ नेटवर्क भी जेसीबी से उखाड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारी यजन चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। यजन चौधरी ने कहा कि जिले में अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध प्लॉटिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की, कि वे बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से जमीन और कॉलोनी की वैधता की जानकारी जरूर लें।