फरीदाबाद: एचआर मैनेजर के हत्यारोपियों के साथ मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दबोचे गए बदमाश

फरीदाबाद के सेक्टर 62 में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में एचआर मैनेजर लक्ष्मण हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार तड़के इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस को बुधवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि इस हत्याकांड में शामिल आरोपी सेक्टर-62 स्थित एक सीवर पाइप के गोदाम में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने तुरंत गोदाम की घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान आरोपी तरुण उर्फ नवीन ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में तरुण के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे और उसके साथी जतिन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
केले की कीमत को लेकर शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 4 अक्टूबर की रात का है, जब शाहपुर निवासी एचआर मैनेजर लक्ष्मण अपने भतीजे महेश के साथ केले खरीदने गए थे। रिंकू नामक व्यक्ति, जो चाट की दुकान के साथ फल भी बेचता है, ने एक दर्जन केलों की कीमत 100 रुपये बताई। महज इतनी सी रकम को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रिंकू ने अपने साथियों को बुला लिया और उन्होंने लक्ष्मण व उनके भतीजे महेश पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेश गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तरुण और जतिन से पहले पुलिस प्रशांत, नमन और आकाश को पकड़ चुकी थी। फिलहाल घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।