फरीदाबाद: होटल में महिला की हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस ने होटल में महिला की हत्या करने वाले आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार किया है। पैसों के विवाद में प्रेमी ने की थी हत्या।

फरीदाबाद की अपराध शाखा (DLF) ने बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल में महिला की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शिव कुमार को दबोचा है, जिसने पैसों के मामूली विवाद में अपनी प्रेमिका की जान ले ली।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी और मृतका के बीच खर्चे के लिए पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि शिव कुमार ने पहले महिला का गला हाथों से दबाया और फिर उसकी ही साड़ी का इस्तेमाल कर उसका गला घोंट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पहचान छिपाकर होटल में ली थी एंट्री
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुलिस और होटल मैनेजमेंट को गुमराह करने के लिए एक बड़ी साजिश रची थी। उसने होटल में रुकने के लिए अपनी असली आईडी नहीं दिखाई, बल्कि अपने गांव के ही एक व्यक्ति, शेखर के पहचान पत्र का इस्तेमाल कर कमरा लिया था।
घटनाक्रम के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह शेखर कुमार (नकली पहचान) और एक महिला होटल पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी खाना लाने के बहाने बाहर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 9:30 बजे जब सफाई कर्मचारी कमरे में गया, तो वहां महिला का शव पड़ा मिला। होटल संचालक सागर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिव कुमार करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सिकरी इलाके में किराए पर रहता था। मृतका और आरोपी एक ही बिल्डिंग में ऊपर-नीचे रहते थे, जहाँ करीब दो साल पहले उनकी जान-पहचान हुई और वे रिलेशनशिप में आ गए थे।