फरीदाबाद: होटल के कमरे में प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, प्रेमी फरार
फरीदाबाद के एक होटल में प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक होटल के कमरे में 35 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना बल्लभगढ़ इलाके में मथुरा रोड पर स्थित एक होटल की है। युवती अपने प्रेमी के साथ होटल आई थी, लेकिन रात होते-होते यह मुलाकात मौत में बदल गई। वारदात के बाद आरोपी प्रेमी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बिहार के खडग़पुर की रहने वाली चांदनी (35) के रूप में हुई है। वह शनिवार सुबह अपने प्रेमी शेखर (39) के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने खुद को कपल बताकर कमरा नंबर 201 बुक कराया था। होटल स्टाफ ने बताया कि दोनों दिनभर कमरे में ही रहे और दोपहर में उन्होंने साथ में खाना भी खाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कमरे के भीतर कुछ ऐसा होने वाला है।
आधी रात को खुला राज, कमरे में मिली लाश
घटना का खुलासा तब हुआ जब रात की शिफ्ट में तैनात होटल कर्मचारी कमरे की तरफ गया। उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ है। जब वह अंदर दाखिल हुआ, तो उसने चांदनी को बिस्तर पर बेसुध पड़ा देखा। कर्मचारी ने उसे उठाने की कोशिश की और आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे में शेखर मौजूद नहीं था, जिससे शक गहरा गया। कर्मचारी ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मैनेजर और अन्य स्टाफ वहां पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने युवती को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शक है कि चांदनी की गला घोंटकर हत्या की गई है, क्योंकि उसके गले पर निशान मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। शहर थाना इंचार्ज उमेश कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और आरोपी शेखर की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।