फरीदाबाद: होटल के कमरे में लटका मिला युवती का शव, प्रेमी फरार

फरीदाबाद के सेक्टर-11 इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक होटल के कमरे में 25 साल की युवती का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान अदिति के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली थी। इस घटना के बाद से होटल में हड़कंप मच गया है और युवती का प्रेमी मौके से गायब है।
जानकारी के मुताबिक, अदिति पिछले तीन दिनों से अपने प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ सेक्टर-11 स्थित होटल रॉयल हार्मनी के कमरा नंबर 204 में ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि अदिति बिना घर बताए फरीदाबाद आई थी। हेमंत मूल रूप से आगरा का ही निवासी है, लेकिन वह फिलहाल फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहे थे।
होटल स्टाफ ने दी पुलिस को सूचना
शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब होटल का स्टाफ कमरा खाली कराने के लिए पहुंचा, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब हलचल नहीं हुई, तो स्टाफ ने तुरंत होटल मालिक और पुलिस को इसकी जानकारी दी। जब पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा खौफनाक था; अदिति का शव फंदे से लटका हुआ था।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हेमंत रात में ही चुपचाप होटल से निकल गया था। सेक्टर 8 थाना इंचार्ज राजबीर ने बताया कि शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। पुलिस प्रेमी हेमंत की तलाश कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।