फरीदाबाद: दोस्त की हत्या कर पहाड़ों में फेंका शव, झील में डूबने की रची झूठी कहानी

Kittu Kumari6 October 20262 min read0 viewsNCR
फरीदाबाद: दोस्त की हत्या कर पहाड़ों में फेंका शव, झील में डूबने की रची झूठी कहानी

हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 17 साल के किशोर ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने इस वारदात को छिपाने के लिए इतनी शातिर प्लानिंग की कि उसने पुलिस और परिजनों को यह यकीन दिला दिया कि उसका दोस्त सेल्फी लेते समय झील में डूब गया है। वह खुद पुलिस के साथ मिलकर शव की तलाश में शामिल रहा, लेकिन उसकी बदलती बातों ने उसकी पोल खोल दी।

सेल्फी के बहाने रची साजिश, पुलिस को भी किया गुमराह

यह मामला धौज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी गौरेलाल अपने पांच बेटों के साथ सिरोही गांव में किराए पर रहते हैं। 4 अक्टूबर की शाम उनके 19 वर्षीय बेटे राजकुमार को पड़ोस में रहने वाले एक दोस्त ने बुलाया था। जब राजकुमार देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके दोस्त से पूछताछ की।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दोस्त ने बड़ी मासूमियत से कहानी सुनाई कि वे दोनों झील पर घूमने गए थे और राजकुमार सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूब गया। इस कहानी पर यकीन कर पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से झील में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन घंटों की तलाश के बाद भी शव नहीं मिला।

तभी पुलिस को शक हुआ कि आरोपी युवक बार-बार अपने बयानों में बदलाव कर रहा है। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे राजकुमार का शव झील से करीब 200 मीटर दूर पहाड़ों के बीच पत्थरों में दबा हुआ मिला।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसके पिता जमशैद के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर किस वजह से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment