फरीदाबाद में फ्लिपकार्ट पर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, चार गिरफ्तार

फरीदाबाद में फ्लिपकार्ट पर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान उत्तरप्रदेश के ललितपुर निवासी गौरव श्रीवास्तव, सौरभ कुशवाह, मोहित और रवि के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-91 निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि एक अनजान नंबर से उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था।व्हाट्सएप पर दिए गए लिंक से फ्लिपकार्ट नाम की वेबसाइट ओपन होती थी, जहां प्रोडक्ट बाय करने और बाय बैक ऑप्शन पर क्लिक करने पर पैसे जमा होते थे। शिकायतकर्ता ने अगस्त 2026 में दो लाख तीस हजार रुपये की ट्रेडिंग की थी और पैसे निकालने की कोशिश करने पर खाता फ्रीज हो गया था।खाता अनफ्रीज करने के लिए कथित ठगों द्वारा एक लाख चौदह हजार पांच सौ बीस रुपये की मांग और की गई, जिसे शिकायतकर्ता ने ठगों के खाते में भेज दिया था जिसके बाद कोई पैसा वापस नहीं मिला। इस संबंध में थाना साइबर सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रवि, सौरभ व मोहित खाताधारक हैं और गौरव ने मोहित का खाता आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपितों को मंगलवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।