फरीदाबाद: फ्लैट किराये पर लेने के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Kittu Kumari20 October 20262 min read0 viewsNCR
फरीदाबाद: फ्लैट किराये पर लेने के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के सेक्टर-46 में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ फ्लैट किराये पर देने के नाम पर 90 हजार रुपये की बड़ी साइबर ठगी हुई है। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के पटना निवासी गोपाल और श्रवण के रूप में हुई है, जिन्हें मंगलवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पूरी घटना तब शुरू हुई जब पीड़ित ने अपना फ्लैट किराये पर देने के लिए ओएलएक्स (OLX) पर विज्ञापन डाला था। 24 सितंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि बैंक की पॉलिसी के मुताबिक वह 6 महीने का किराया यानी 90 हजार रुपये और 42 हजार रुपये बिजली का बिल एडवांस में भेज रहा है।

ठगों ने बड़ी चालाकी से पीड़ित और उनकी पत्नी के फोन पर फर्जी मैसेज भेजे, जिससे ऐसा लगा कि उनके खाते में पैसे जमा हो गए हैं। इसके तुरंत बाद उसी व्यक्ति ने दोबारा मैसेज कर कहा कि वह किराया हर महीने देगा, इसलिए एडवांस भेजे गए पैसे वापस कर दें। पीड़ित ने बिना अपना बैंक बैलेंस चेक किए, भरोसा करके तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 90 हजार रुपये वापस भेज दिए। जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तब उन्होंने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।

बिहार से जुड़े हैं ठगी के तार

पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में पता चला कि ठगी के लिए इस्तेमाल किया गया बैंक खाता गोपाल का था, जिसने अपना खाता श्रवण को दे रखा था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी श्रवण 12वीं पास है और पानी सप्लाई का काम करता है, जबकि गोपाल अनपढ़ है और मजदूरी करता है। इन दोनों ने मिलकर मासूम लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने का खेल खेला था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment