फरीदाबाद में एसजीएम नगर की दुकान पर छापेमारी, नकली एशियन पेंट्स बेचते हुए दुकान मालिक गिरफ्तार

Kittu Kumari12 September 20261 min read22 viewsNCR
फरीदाबाद में एसजीएम नगर की दुकान पर छापेमारी, नकली एशियन पेंट्स बेचते हुए दुकान मालिक गिरफ्तार

फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में नकली एशियन पेंट्स बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुकान पर शनिवार को छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने नकली पेंट से भरी छह बाल्टियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दुकान मालिक विकास गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस की छापेमारी


एशियन पेंट्स कंपनी के कॉपीराइट और ट्रेडमार्क से जुड़े मामलों की जांच करने वाली टीम को सूचना मिली थी कि एसजीएम नगर क्षेत्र की एक दुकान पर कंपनी के नाम से नकली पेंट बेचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी की ओर से जांच अधिकारी अनुज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम अनुज कुमार के साथ गुप्ता पेंट और हार्डवेयर दुकान नंबर डी-121, पटेल चौक के पास पहुंची। यहां दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम विकास गुप्ता बताया और खुद को दुकान का मालिक बताया।

दुकान से बरामद हुआ नकली पेंट


तलाशी लेने पर दुकान से एशियन पेंट्स के नाम वाली छह बाल्टियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक बरामद बाल्टियों में एपेक्स डस्ट प्रूफ की 20 और 10 लीटर की बाल्टियां, एपेक्स शाइन 20 लीटर, एपकोलाइट प्रीमियम इमल्शन 20 लीटर और ट्रैक्टर इमल्शन की 20 और 10 लीटर की बाल्टियां शामिल हैं। इन सभी में अलग-अलग तरह का पेंट भरा हुआ था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच


पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में ले लिया है। एसजीएम नगर थाना प्रभारी अरविन्द ने बताया कि विकास गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह खबर हिन्दुस्थान समाचार से ली गई है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment