फरीदाबाद: कंपनी की ईमेल हैक कर 92.89 लाख की ठगी, सोना खरीदने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कंपनी की ईमेल आईडी हैक कर करीब 92.89 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों, विक्रांत और नवीन कुमार उर्फ अमित को गिरफ्तार किया है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ठगी की गई रकम का एक बड़ा हिस्सा यानी करीब 50 लाख रुपये का सोना खरीदा गया था, जबकि बाकी पैसे चेक और एटीएम के जरिए निकाले गए।
पूरा मामला सोहना रोड स्थित सरूरपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी से जुड़ा है, जो गाड़ियों के प्लास्टिक पार्ट्स बनाती है। यह कंपनी दूसरी कंपनियों की विभिन्न शाखाओं को माल सप्लाई करती थी और उसका भुगतान ऑनलाइन बैंक खाते के जरिए मिलता था। जब शिकायतकर्ता को समय पर पेमेंट नहीं मिली, तो उन्होंने सामने वाली कंपनी से संपर्क किया। तब पता चला कि उनकी कंपनी की ईमेल आईडी से एक मेल भेजा गया था, जिसमें भविष्य के भुगतान के लिए बैंक खाता बदलने का अनुरोध किया गया था। इसी झांसे में आकर सामने वाली कंपनी ने 3 सितंबर से 21 सितंबर के बीच नए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। जब शिकायतकर्ता ने अपने रिकॉर्ड चेक किए, तो उन्हें पता चला कि उन्होंने ऐसा कोई ईमेल नहीं भेजा था और उनके साथ करीब 92.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है।
फर्जी दस्तावेजों से खरीदा सोना, रिमांड पर आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी विक्रांत के पास आसिफ हुसैन नाम के व्यक्ति के बैंक खाते और दस्तावेज थे, जिनमें ठगी की पूरी रकम जमा हुई थी। इस रकम से विक्रांत ने 50 लाख रुपये का सोना खरीदा। इस साजिश में नवीन कुमार उर्फ अमित की अहम भूमिका थी, जिसने आसिफ हुसैन के आधार और पैन कार्ड में उसकी फोटो हटाकर विक्रांत की फोटो एडिट कर लगाई थी। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के दम पर सोना खरीदा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ठगी की रकम और सोना आगे किन लोगों तक पहुंचाया गया और इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल था।