फरीदाबाद में फर्जी आईटीसी मामला: ईडी ने दो कारोबारियों के निवास पर की छापेमारी

Kittu Kumari24 August 20262 min read133 viewsNCR
फरीदाबाद में फर्जी आईटीसी मामला: ईडी ने दो कारोबारियों के निवास पर की छापेमारी

फरीदाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फरीदाबाद में तलाशी अभियान चलाया। सोमवार सुबह फरीदाबाद में सेक्टर-15 और सेक्टर-8 स्थित एक्सपोर्ट कारोबारियों के घरों पर ईडी की टीम पहुंची। जानकारी के अनुसार सेक्टर-15 के एक मकान नंबर 972 में रहने वाले नमन अग्रवाल, सेक्टर आठ के मकान नंबर 389 में रहने वाले विनोद अग्रवाल के घर पर छामेमारी की गई है। हालांकि, ईडी की ओर से इन घरों से बरामदगी या कार्रवाई की अलग-अलग जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

फर्जी इनवॉयस और ई-वे बिल का मामला

ईडी की जांच मेसर्स जंबूद्वीप एक्सपोट्र्स एंड इम्पोट्र्स लिमिटेड से जुड़े कथित फर्जी आईटीसी नेटवर्क को लेकर है। जांच एजेंसी के मुताबिक, फर्जी इनवॉयस और ई-वे बिल तैयार कर बिना वास्तविक माल की आवाजाही के आईटीसी हासिल करने और उसे आगे दूसरी इकाइयों को पास करने का आरोप है। जांच में जीएसटी अधिकारियों के स्तर पर 9.63 करोड़ रुपये के आईटीसी का कथित तौर पर गलत तरीके से लाभ लेने की बात सामने आई है। वहीं, 10.28 करोड़ रुपये के आईटीसी को आगे पास किए जाने की भी जानकारी जांच एजेंसी ने दी है। ईडी के अनुसार इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा।

मनी ट्रेल और दस्तावेजों की जांच

जांच एजेंसी के अनुसार कथित नेटवर्क में कई फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। इनके जरिए सर्कुलर लेन-देन, रकम की लेयरिंग और नकद निकासी किए जाने की बात सामने आई है। अब ईडी इन लेन-देन की कडि़यों को जोडक़र यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर पैसा किन लोगों और कंपनियों तक पहुंचा। ईडी की तलाशी का उद्देश्य कथित अपराध से अर्जित रकम की मनी ट्रेल का पता लगाना, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना और दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाना है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढऩे के साथ इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और संस्थाओं की भूमिका भी सामने आ सकती है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment