फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में डीटीपीसी की बड़ी कार्रवाई, 35 रिहायशी मकानों पर चिपकाए रेस्टोरेशन ऑर्डर

Kittu Kumari14 September 20262 min read15 viewsNCR
फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में डीटीपीसी की बड़ी कार्रवाई, 35 रिहायशी मकानों पर चिपकाए रेस्टोरेशन ऑर्डर

फरीदाबाद में जिला नगर योजनाकार विभाग यानी डीटीपीसी ने पॉश ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रिहायशी मकानों में चल रही कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने सोमवार को मॉल रोड पर पहुंचकर रिहायशी मकानों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर रेस्टोरेशन ऑर्डर चस्पा किए हैं। इन सभी को नोटिस देकर व्यावसायिक गतिविधियों को पूरी तरह बंद करने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है।

मॉल रोड पर की गई कार्रवाई

डीटीपीसी के जेई रहमान ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी की इस सड़क को मॉल रोड के नाम से जाना जाता है। यहां पर कई रिहायशी मकानों के अंदर नियमों के खिलाफ जाकर कमर्शियल गतिविधियां चलाई जा रही थीं। विभाग की तरफ से इन सभी यूनिट को पहले भी नोटिस दिए जा चुके हैं। अब इस कार्रवाई के अगले चरण में करीब 30 से 35 यूनिट पर रेस्टोरेशन ऑर्डर चिपकाए गए हैं।

सात दिन का दिया गया समय

विभाग ने संबंधित लोगों को इन गतिविधियों को बंद करने के लिए सात दिन का समय दिया है। इस तय समय के दौरान उन्हें अपने मकान को उसी पुरानी स्थिति में रिस्टोर करना होगा, जिस उपयोग के लिए उसे मंजूरी मिली थी। इसका मतलब है कि रिहायशी मकानों के अंदर चल रही सभी कमर्शियल गतिविधियों को तुरंत बंद करना होगा।

नियम तोड़ने पर होगी सीलिंग और कानूनी कार्रवाई

जेई ने यह स्पष्ट किया है कि सात दिन के भीतर आदेश का पालन नहीं करने पर विभाग अपने नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगा। इसके तहत संबंधित बिल्डिंग को सील भी किया जा सकता है। इसके अलावा आदेश की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है। अधिकारी के अनुसार मॉल रोड पर इससे पहले करीब 70 यूनिट को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और अब इन सभी मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि जहां-जहां भी रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं, वहां पर आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment