फरीदाबाद में नशे में धुत महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, सड़क किनारे लेटी रही

फरीदाबाद के सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में शनिवार की रात को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। एक महिला शराब के नशे में सड़क किनारे करीब एक घंटे तक पड़ी रही। महिला का यह हाई वोल्टेज ड्रामा देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। महिला इतनी ज्यादा नशे में थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी और उठने की कोशिश करने पर बार-बार जमीन पर गिर जाती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर तक इसी हालत में सड़क किनारे पड़ी रही और वहां से गुजरने वाले लोग उसे देखते रहे।
करीब एक घंटे बाद एक व्यक्ति कार लेकर मौके पर पहुंचा। उस व्यक्ति ने वहां मौजूद लोगों को बताया कि महिला का नाम जस्सी है और वह एनआईटी-5 की रहने वाली है। उसने यह भी बताया कि महिला उसकी मैडम की दोस्त है और उसे लेने के लिए भेजा गया है। इसके बाद उस व्यक्ति ने महिला को संभाला और कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। महिला वहां तक कैसे पहुंची और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
सेक्टर-8 थाना प्रभारी राजबीर के अनुसार, महिला शराब के नशे में थी। ऐसा अनुमान है कि पास में चल रहे किसी कार्यक्रम में महिला ने शराब पी होगी, जिसके बाद वह पैदल चलते हुए वहां तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ किसी भी तरह की मारपीट या अन्य घटना की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। महिला के साथी ही उसे मौके से सुरक्षित अपने साथ लेकर गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।