फरीदाबाद में डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसे बदमाश ने महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर लाखों के जेवर लूटे

फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के ग्रीन फील्ड चौकी इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डिलवरी बॉय बनकर घर में घुसे एक बदमाश ने महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर डराया और लाखों रुपये के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हडकंप मच गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कॉलोनी में रहने वाली सीमा कुमारी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह बुधवार की दोपहर अपनी सास उर्मिला देवी के साथ अपने घर पर मौजूद थीं। उसी दौरान एक युवक उनके घर आया और उसने पूछा कि क्या उन्हें अमेजन से उनका पार्सल मिल गया है। सीमा ने उसे पार्सल न मिलने की बात कही। इसके कुछ समय बाद ही एक दूसरा युवक डिलीवरी बॉय बनकर उनके घर पर पहुंच गया। जब दूसरा युवक आया तो सीमा कमरे के अंदर थीं और उनकी सास उर्मिला देवी ने उसे असली डिलीवरी बॉय समझकर दरवाजा खोल दिया। सास ने सीमा को बुलाने के लिए अंदर आकर आवाज दी और जैसे ही सीमा कमरे से बाहर निकलकर आईं, उन्होंने देखा कि वह युवक घर के अंदर हाथ में चाकू लेकर खड़ा था। उस बदमाश ने तुरंत दोनों महिलाओं को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी नकदी की मांग करने लगी। सीमा ने बदमाश को बताया कि उनके घर पर कोई नकदी नहीं रखी है, जिसके बाद बदमाश ने उनसे उनके सारे गहने और ज्वेलरी देने को कहा। डर के माहौल में महिलाओं ने अपने सोने के गहने उसे सौंप दिए जिसमें सीमा का चार ग्राम का मंगलसूत्र, तीन ग्राम की सोने की अंगूठी, सोने और डायमंड के कानों के टॉप्स शामिल थे। इसके अलावा उनकी सास उर्मिला देवी ने भी अपनी सोने की चेन, लॉकेट और कानों के कुंडल उस बदमाश को दे दिए। सभी गहने लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।