फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेमाराम, मुदित पारिक और मुकेश जाखड़ के रूप में हुई है, जो सभी राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर की है, जिसके बैंक खाते से अवैध रूप से पैसे निकाले गए थे।
गांव तिगांव के रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि
31 अगस्त 2026 को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया था। फोन हैक होने के बाद उसके बैंक खाते से बिना किसी जानकारी के 60 हजार रुपये की अवैध निकासी हो गई थी। इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि
आरोपी मुदित पारिक वह खाताधारक है जिसके बैंक खाते में साइबर ठगी के वे 60 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके अलावा, आरोपी मुकेश और नेमाराम ने मिलकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह को यह बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसमें नेमाराम, मुकेश की बुआ का लड़का है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से मुदित पारिक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मुकेश जाखड़ और नेमाराम को आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।