फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-3 में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां कंपनी के काम से साइट का सर्वे करने जा रहे एक बाइक सवार सिविल इंजीनियर की कंटेनर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 26 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है।
संदीप कुमार पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में रह रहा था और उसने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया हुआ था। करीब एक साल पहले ही उसने फरीदाबाद की एक निजी कंपनी ज्वाइन की थी और वर्तमान में वह सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-56 में एक किराए के मकान में अकेला रहता था।
मृतक के भाई दिनेश ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि रविवार को संदीप अपनी बाइक पर सवार होकर सेक्टर-3 में एक साइट देखने के लिए जा रहा था।
जैसे ही वह खाटू श्याम मंदिर के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-8 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी कंटेनर चालक की तलाश जारी है।