फरीदाबाद में प्रतिबंधित पटाखों की बड़ी खेप बरामद, एक शख्स गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस ने वजीरपुर गांव के पास छापेमारी कर 70 किलो से ज्यादा प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

दिवाली के त्योहार से पहले फरीदाबाद पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचाई है। अपराध शाखा एवीटीएस भुपानी की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वजीरपुर गांव के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से पटाखों से भरे कई कट्टे मिले हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि टीम को जानकारी मिली थी कि वजीरपुर गांव में राकेश नाम का एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है और उसने बिक्री के लिए एक गोदाम में पटाखों का स्टॉक जमा कर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और मौके से तिगांव निवासी राकेश को दबोच लिया।
गोदाम से मिले रॉकेट और सुतली बम
जब पुलिस ने गोदाम के अंदर रखे प्लास्टिक कट्टों की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे मिले। बरामद सामान में रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, अनार, फुलझड़ी, फिरकी और आसमान में छोड़े जाने वाले पटाखे शामिल थे। कुल मिलाकर लगभग 70.780 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने जब आरोपी राकेश से इन पटाखों को रखने और बेचने के लिए जरूरी लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और खेडीपुल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।