फरीदाबाद में प्रतिबंधित पटाखों का जखीरा बरामद, पुलिस ने एक शख्स को दबोचा
फरीदाबाद पुलिस ने सीकरी गांव में छापेमारी कर 350 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए और आरोपी मदन को गिरफ्तार किया।

दिवाली से पहले फरीदाबाद पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीकरी गांव में छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में फरीदाबाद प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में मदन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर से ही अवैध रूप से पटाखों का कारोबार चला रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीकरी गांव का रहने वाला मदन अपने घर की छत पर बने एक कमरे में पटाखों के कट्टे छिपाकर रखा हुआ है और उन्हें अवैध तरीके से बेच रहा है। इस सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर धावा बोला और तलाशी अभियान शुरू किया।
छत के कमरे से मिले रॉकेट और सुतली बम
जब पुलिस ने छत पर बने कमरे की जांच की, तो वहां प्लास्टिक के कट्टों में भरकर रखे गए पटाखों का ढेर मिला। बरामद किए गए सामान की कुल मात्रा 350.415 किलोग्राम बताई गई है। इन कट्टों में खतरनाक रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, अनार, फुलझड़ी, फिरकी और आसमान में छोड़े जाने वाले विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित पटाखे शामिल थे।
पुलिस ने जब आरोपी मदन से इन पटाखों को रखने और बेचने के लिए जरूरी लाइसेंस या परमिट मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। बिना लाइसेंस के प्रतिबंधित पटाखों का व्यापार करना कानूनन अपराध है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।