फरीदाबाद: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 977 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद, दो धरे गए

दिवाली के सीजन से पहले फरीदाबाद पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग छापेमारी कर कुल 977.645 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से इन पटाखों की बिक्री कर रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह सफलता क्राइम ब्रांच एनआईटी और एवीटीएस सिकरोना की टीमों को मिली है। पहली बड़ी कार्रवाई ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-58 में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मित्तल कॉम्प्लेक्स स्थित एक दुकान में मोहित सिंघल नाम का व्यक्ति अवैध पटाखों का कारोबार कर रहा है। मोहित मूल रूप से दिल्ली के कृष्णा नगर का रहने वाला है और फिलहाल बल्लभगढ़ में रह रहा था। जब पुलिस ने दुकान पर छापा मारा, तो वहां प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में पटाखे भरे हुए मिले। पुलिस ने मोहित को 805.365 किलोग्राम अवैध पटाखों के साथ मौके से ही दबोच लिया।
दूसरी छापेमारी में भी मिली सफलता
वहीं, दूसरी कार्रवाई एवीटीएस सिकरोना की टीम ने की। पुलिस टीम ने ओल्ड चुंगी इलाके में छापेमारी कर राहुल नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा, जो सैनी रोड ओल्ड फरीदाबाद का निवासी है। राहुल के पास से 172.280 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद हुए हैं।
पुलिस अब पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।