फरीदाबाद में तीन साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Kittu Kumari27 September 20261 min read3 viewsNCR
फरीदाबाद में तीन साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

फरीदाबाद के सीही गांव में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जहां तीन साल की बच्ची नेहा 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह बोरवेल नगर निगम का है और पिछले करीब 10 साल से बंद पड़ा था।

घटना के समय बच्ची बोरवेल के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़कर खेल रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया। नेहा के बोरवेल में गिरते ही वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। बच्ची के पिता रामदीन मजदूरी का काम करते हैं और घटना के समय वे काम पर गए थे।

ग्रामीणों और बच्चों के शोर मचाने पर परिजनों को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। अंधेरा होने के कारण बोरवेल के पास विशेष लाइटें लगाई गई हैं और अंदर कैमरा डालकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बोरवेल के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि बच्ची बोरवेल में कितनी गहराई पर फंसी हुई है। मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment