बंगलूरु से कुरियर के जरिए पश्चिमी यूपी में खपाए जा रहे थे नकली नोट, तीन शातिर गिरफ्तार

बंगलूरु से कुरियर के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नकली नोट खपाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। थाना बुढाना पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से एक लाख रुपये की जाली करेंसी, एक वैगनआर कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने इस मामले का बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
जनपद पुलिस ने जाली करेंसी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना बुढाना पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति वैगनआर कार में भारी मात्रा में जाली करेंसी लेकर खतौली की ओर से बुढाना आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बसी गेट, खतौली रोड पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास करने पर कार सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम पुत्र हाफिज इमरान, माजिद पुत्र फारुख (निवासी ग्राम कैली, थाना दौराला, जनपद मेरठ) व जिशान पुत्र गुलजार (निवासी ग्राम जौला, थाना बुढाना, जनपद मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। तीनों के विरुद्ध थाना बुढाना में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी और नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के 200 नकली नोट (कुल एक लाख रुपये), वैगनआर कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवाना निवासी साहिल और शाहनवाज से 40 हजार रुपये में एक लाख के नकली नोट खरीदते थे। साहिल और शाहनवाज ये नकली नोट बंगलूरु निवासी माइकल फर्नाडीज से 30 हजार रुपये में मंगाते थे। नकली नोटों की खेप कुरियर कंपनियों के माध्यम से फर्जी नाम और पते पर भेजी जाती थी। कुरियर आने पर साहिल और शाहनवाज एक कोड नंबर देते थे, जिसे दिखाकर आरोपी पार्सल प्राप्त कर लेते थे। गिरोह क्यूआर कोड के माध्यम से 30 हजार रुपये सीधे बंगलूरु भेजता था, जबकि 10 हजार रुपये नकद साहिल और शाहनवाज को दिए जाते थे। इसके बाद आरोपी बाजारों में खरीदारी और लेन-देन के दौरान इन नकली नोटों को असली नोटों की तरह चलाकर मुनाफा कमाते थे। पूछताछ में खतौली निवासी मुसर्रफ का नाम भी सामने आया है जो सकौती (मेरठ) में बेकरी चलाता है।
फरार आरोपियों की तलाश और पुलिस टीम का सम्मान
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि साहिल, शाहनवाज, माइकल फर्नाडीज और मुसर्रफ समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों, क्यूआर कोड ट्रांजेक्शन और कुरियर रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। इस ऑपरेशन को सफल बनाने वाली पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है।