रिलायंस ब्रांड्स के साथ मिलकर फेबकैटिक्स ने दिल्ली के डीएलएफ प्रोमेनेड में खोला भारत का पहला स्टोर

वैश्विक एक्टिववियर ब्रांड फेबकैटिक्स (Fabletics) ने रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड के साथ साझेदारी में नई दिल्ली के डीएलएफ प्रोमेनेड मॉल में अपना पहला भारतीय स्टोर खोल दिया है। इस ओपनिंग के साथ ही ब्रांड ने भारतीय खुदरा बाजार में आधिकारिक तौर पर प्रवेश कर लिया है। इस नए स्टोर में खरीदारी के साथ-साथ कई आधुनिक तकनीक को भी शामिल किया गया है, जो ग्राहकों को एक अलग अनुभव प्रदान करेगी। इस स्टोर की सबसे बड़ी खासियत इसका आरएफआईडी-सक्षम (RFID-enabled) फिटिंग रूम है, जो ग्राहकों को एक अनोखा अनुभव देता है।
जब कोई ग्राहक ट्रायल रूम के अंदर जाता है, तो कमरे में लगा टैबलेट अपने आप उन उत्पादों को पहचान लेता है जिन्हें ग्राहक अंदर लेकर गए हैं। यह तकनीक उपलब्ध साइज और स्टाइल को स्क्रीन पर दिखाती है, और ग्राहक सीधे फिटिंग रूम से ही दूसरे विकल्पों के लिए अनुरोध कर सकते हैं। स्टोर के लॉन्च के अवसर पर 100 से अधिक लोगों की लंबी कतार देखने को मिली। आगंतुकों ने बैलेंस-बोर्ड चुनौती में हिस्सा लिया और इन-स्टोर क्लॉ मशीन से उपहार जीते। इसके अलावा डीएलएफ प्रोमेनेड एट्रियम में एक मूवमेंट पॉप-अप और पैडल से चलने वाला स्मूथी स्टेशन भी लगाया गया था।
फेबकैटिक्स का यह नया कलेक्शन महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए कई तरह के कपड़े और एक्सेसरीज लेकर आया है। इसमें लेगिंग, पैंट, जॉगर, शॉर्ट्स, स्पोर्ट्स ब्रा, टैंक टॉप, पोलो शर्ट, स्वेटशर्ट, जैकेट और बैग व टोपी शामिल हैं। रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड के हेड सुमीत यादव ने कहा कि भारतीय एक्टिववियर उपभोक्ता अब ऐसे कपड़ों की उम्मीद करते हैं जो दिखने में अच्छे हों और बेहतरीन काम भी करें।
फेबकैटिक्स की अध्यक्ष मीरा भाटिया ने कहा कि भारत में हमारा पहला स्टोर खोलना एक बड़ा मील का पत्थर है। यह स्टोर हमारे ब्रांड की दो मुख्य ताकतों, बेहतरीन उत्पाद और ग्राहक-केंद्रित तकनीक को एक साथ लाता है। डीएलएफ प्रोमेनेड का यह स्टोर अब ग्राहकों के लिए खुल गया है, और आने वाले समय में मुंबई में भी एक नया स्टोर लॉन्च करने की योजना बनाई गई है।