गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय स्थित सभागार में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में 21 जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा, भारत निर्वाचन आयोग के सचिव मधुसूदन गुप्ता, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश अखंड प्रताप सिंह, अवर सचिव भारत निर्वाचन आयोग राकेश कुमार और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश अमित सिंह ने किया।
मशीनों के संपूर्ण जीवन चक्र की दी जानकारी
विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को ईवीएम और वीवीपैट के संपूर्ण जीवन चक्र से संबंधित प्रशिक्षण दिया। इसमें मशीनों का संचालन, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग, मतदान प्रक्रिया, मतगणना और मतगणना के बाद की प्रक्रियाओं समेत विभिन्न प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई। ईसीआईएल के विशेषज्ञ पीसी मंडल ने ईवीएम एवं वीवीपैट की तकनीकी संरचना और सुरक्षा विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम प्रभाग के सचिव मधुसूदन गुप्ता ने एफएलसी के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
प्रतिभागियों ने किया हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण
कार्यशाला स्थल पर पर्याप्त संख्या में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गईं। बीईएल और ईसीआईएल के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने मशीनों के संचालन और एफएलसी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिभागियों को स्वयं मशीनों का संचालन कर निर्धारित प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया और डाउट क्लियरिंग सेशन के माध्यम से अधिकारियों और कार्मिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। सभी प्रतिभागियों से घोषणा-पत्र भी प्राप्त किए गए, जिसमें प्रशिक्षण के दौरान बताए गए विषयों को समझने और किसी प्रकार की शंका शेष नहीं होने की पुष्टि की गई।
निर्धारित प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत पालन पर जोर
कार्यशाला के समापन पर अधिकारियों ने एफएलसी प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल, पारदर्शिता और पूरी सावधानी के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया। ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित प्रत्येक प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों व एफएलसी सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनरों, ईसीआईएल विशेषज्ञों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।